- हौज खास, ग्रेटर कैलाश में आई 15-16 फीसदी कमी
- मेट्रो आने से नोएडा, ग्रीन पार्क के किरायों में आएगी बढ़ोतरी
- रोहिणी, जनकपुरी में किराए में आई 25 फीसदी की बढ़ोतरी
इन सुर्खियों से आप दिल्ली और एनसीआर में हाउस रेंट के ट्रेंड का अंदाजा लगा सकते हैं। रिहायशी किराए में साल 2008 में शुरू हुई गिरावट 2009 की पहली तिमाही में भी जारी है। दक्षिण दिल्ली के हौज खास, ग्रेटर कैलाश में रिहायशी किराए में 15-16 फीसदी तक की कमी आई। लेकिन रिहायशी किराए में कमी का ट्रेंड इस साल उन क्षेत्रों में जारी नहीं रहेगा, जहां मेट्रो आने वाली है।...देखिए कहां रेंट कितना कम हुआ
जहां मेट्रो जाएगी, वहां बढ़ रहे हैं किराए
जानकारों के मुताबिक नोएडा और ग्रीन पार्क में तीन-चार महीने में मेट्रो आने वाली है, इसलिए उन क्षेत्रों में रिहायशी किराए में बढ़ोतरी आने लगी है।मैजिक ब्रिक डॉट कॉम की प्रॉपटीर् एक्सपर्ट जयश्री ने कहा, 'ग्रीन पार्क, नोएडा जैसे क्षेत्रों में अगस्त तक मेट्रो चलने लगेगी। मेट्रो के शुरू होने से पहले ही रिहायशी किराए में बढ़ोतरी आने लगी है। नोएडा के जिन क्षेत्रों में मेट्रो चलने वाली है, वहां किरायों में बीती तिमाही में 7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।' उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में मेट्रो की पहुंच हुई है, उस एरिया के आसपास के एक किलोमीटर तक किराए में बढ़ोतरी आने लगती है। अब नोएडा और ग्रीन पार्क के रिहायशी किराए ज्यादा तेजी से बढ़ेंगे।
कई इलाकों में किराए तेजी से घटे
रिहायशी किराए पर आए सर्वे के मुताबिक साल 2009 की जनवरी से मार्च तिमाही में पिछले साल 2008 की आखिरी तिमाही अक्टूबर से दिसंबर की तुलना में शांति निकेतन, कनॉट प्लेस के किराए में 3-6 फीसदी की कमी आई है। दक्षिण दिल्ली के हौज खास, ग्रेटर कैलाश, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 15-16 फीसदी की कमी आई है। वहां दो से तीन बेडरूम वाले घरों का किराया 40-50 हजार के बीच है। 99 एकड़ डॉट कॉम के बिजनेस हेड विनीत सिंह ने बताया कि विकास पुरी, कालकाजी, मयूर विहार फेज वन में रिहायशी किराए में छह से तीन फीसदी की गिरावट आई है।
मेट्रो रेल ने डाला किराए पर असर
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी और रोहिणी में साल की पहली तिमाही में 25 फीसदी की बढ़ोतरी आई है। यहां रिहायशी किराए 10-13 हजार के बीच हैं। जयश्री ने कहा कि जनकपुरी, रोहिणी जैसी जगहों पर मेट्रो पहले से चल रही है, इसलिए इन क्षेत्रों के रिहायशी किराए में कोई कमी नहीं आई है। पश्चिमी दिल्ली की इन जगहों पर किराए ओवरवैल्यूड नहीं थे। द्वारका में किराए तीन फीसदी बढ़े हैं। वहां 2008 की आखिरी तिमाही में किराए 12,000 रुपए थे जो अब बढ़कर 12,399 रुपए हो गए हैं।
गुड़गांव और नोएडा में किराए बढ़े
साल की पहली तिमाही में गुड़गांव और नोएडा में भी रिहायशी किरायों में बढ़ोतरी हुई। गुड़गांव के सोहना रोड पर किराए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी आई, जहां किराए 20 हजार रुपए है। सुशांत लोक में किराए 24 फीसदी बढ़े, वहां अब किराया 24,000 रुपए है। नोएडा में भी किराए 3-7 फीसदी बढ़े हैं। नोएडा सेक्टर 61 में सात फीसदी, नोएडा सेक्टर 26 में किराए एक फीसदी बढ़े हैं। वहां दो से तीन बेडरूम घरों के किराए 15,000 से 7,750 रुपए के बीच हैं।
Source: Economic Times घट रहा है रेंट, लेकिन हर जगह नहीं..